फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अहमदाबाद बनेगी स्पोर्ट्स सिटी, सरदार पटेल के नाम पर 233 एकड़ में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

Thu, 25 Feb 2021 10:19 AM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
विज्ञापन
सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स - फोटो : twitter
विज्ञापन

गुजरात के अहमदाबाद में 24 फरवरी यानी बुधवार को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का शुभारंभ हो गया। भारत-इंग्लैंड डे-नाइट टेस्ट से पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस स्टेडियम का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। इस दौरान स्टेडियम का नाम भी बदलकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम कर दिया गया। यही नहीं महामहिम ने गृह मंत्री अमित शाह, खेल मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में सरदार वल्लभभाई स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भूमि पूजन भी किया। 

विज्ञापन


इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद को देश की पहली ऐसी ‘स्पोर्ट्स सिटी’ घोषित किया, जहां अगले छह महीने के अंदर किसी भी ओलंपिक स्तरीय आयोजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा, 233 एकड़ जमीन पर बनने वाले सरदार वल्लभभाई स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, नरेंद्र मोदी स्टेडियम और नारायणपुरा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में कॉमनवेल्थ खेल, एशियाई खेल और यहां तक कि ओलंपिक खेलों का भी आयोजन किया जा सकता है। विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले इन कॉम्पलेक्सों के साथ अहमदाबाद अगले छह महीने में किसी भी ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए तैयार हो सकता है। 

सरदार पटेल कॉम्पलेक्स की रखी नींव : 
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रपति कोविंद ने स्टेडियम में एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण का भी शिलान्यास किया। सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एंक्लेव नाम वाले इस कॉम्पलेक्स में नरेंद्र मोदी स्टेडियम समेत फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग और लॉन टेनिस समेत करीब दर्जन भर से ज्यादा खेलों की ओलंपिक स्तरीय सुविधाओं वाले स्टेडियम और मैदान एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। 236 एकड़ में निर्मित होने वाले इस प्रोजेक्ट में करीब 20 स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही एथलीटों और कोचों के रहने की सुविधाएं भी बनाई जाएंगी। 

स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पर खर्च होंगे 4600 करोड़ रुपए
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का क्षेत्रफल 9.3 लाख वर्ग फीट होगा। इस प्रोजेक्ट पर कुल 4600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 3200 करोड़ रुपए का सरकारी निवेश होगा। जबकि 1400 करोड़ रुपए का प्राइवेट निवेश होगा।

दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से बड़ा होगा यह एनक्लेव
सरदार पटेल कॉम्प्लेक्स का क्षेत्रफल दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स एनक्लेव से अधिक होगा। इंदिरा गांधी कॉम्प्लेक्स 102 एकड़ में फैला है जबकि अहमदाबाद का यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 236 एकड़ में बनेगा। यह कॉम्प्लेक्स साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और बीआरटी से कनेक्ट होगा। कॉम्प्लेक्स में मौजूद फुटबॉल स्टेडियम फीफा के मानकों के अनुरूप होगा। 

विज्ञापन

हेरिटेज सिटी के बाद अब अहमदाबाद बनेगा स्पोर्ट्स सिटी 
गृह मंत्री शाह ने कहा, 'सरदार पटेल एन्क्लेव सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों और उच्चतम सिद्धांतों के आधार पर बना है। मोदीजी ने अहमदाबाद को हेरिटेज सिटी बनाया था और अब ये स्पोर्ट्स सिटी बनेगा। ट्रैक एंड फील्ड और फुटबॉल के लिए 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम बनेगा। 15 हजार क्षमता वाला हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के नाम से स्टेडियम बना है और उसका उद्घाटन कोविंद जी करेंगे। जिन्होंने देश के लिए आजादी के लिए काम किया, उनके नाम पर ही स्टेडियमों का नाम रखा जाएगा। '

अमित शाह ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 3 हजार अपार्टमेंट बनेंगे, जिनमें 12 हजार 500 बच्चे कोचिंग पा सकेंगे। 12 हजार कार और 35 हजार टू व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यह एक शहर के भीतर एक शहर है।'





नारायणपुरा में बनेगा दूसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
नारायणपुरा में 400 करोड़ की लागत से दूसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। वहां एथलेटिक्स इमारत बनेगी, जहां 33 खेल खेले जा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर का टेनिस स्टेडियम और स्वीमिंग पूल भी बनेंगे। किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए भारत बिडिंग करेगा तो 50 किलोमीटर के दायरे में सभी सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें