भारत के लंबी कूद के एथलीट मुरली श्रीशंकर ने फेडरेशन कप में शानदार छलांग के साथ टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया। मंगलवार को पटियाला में चल रहे फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 8.26 मीटर की छलांग लगाई और टोक्यो ओलंपिक में अपनी जगह पक्की कर ली। श्रीशंकर ने पांचवें प्रयास में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही ओलंपिक क्वालीफाई करने के लिए 8.22 मीटर के स्तर को पार कर लिया। श्रीशंकर का पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड 8.20 मीटर का था।
केरल के पलक्कड़ के 21 वर्षीय एथलीट पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने फरवरी में संपन्न हुई इंडियन ग्रां प्री में चौथी बार आठ मीटर से अधिक की छलांग लगाई थी और गोल्ड मेडल जीता था।