पटियाला में चल रहे 24वें फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मंगलवार को महिलाओं की 100मीटर की दौड़ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फाइनल में सभी की निगाह फर्राटा धावक दुती चंद और हिमा दास पर थी लेकिन तमिलनाडु की धनलक्ष्मी ने गोल्ड जीतकर सभी को चौंका दिया।
धनलक्ष्मी ने फाइनल दौड़ को 11:39 सेकंड के समय में पूरा किया और पहले स्थान पर रहीं वहीं दुती चंद 11:58 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। जबकि युवा धाविका हिमा दास गलत शुरुआत की वजह से दौड़ से बाहर हो गईं। हालांकि इस दौरान कोई भी खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए तय 11:15 सेकंड के मानक को नहीं छू पाईं।