एशियाई मैराथन चैंपियन गोपी थोनाकल ने सियोल अंतरराष्ट्रीय मैराथन में 11वें स्थान पर रहते हुए दोहा में सितंबर-अक्तूबर में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का टिकट कटा लिया।
30 वर्षीय गोपी ने रविवार को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो घंटे 13 मिनट और 39 सेकंड का समय निकाला। विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाइंग मार्क दो घंटे 16 मिनट है।
इससे पहले गोपी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दो घंटे 15 मिनट और 16 सेकंड का था जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था। गोपी का यह समय चार दशक पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड दो घंटे 12 मिनट के बाद किसी भारतीय द्वारा दूसरा सर्वश्रेष्ठ है। राष्ट्रीय रिकॉर्ड शिवनाथ सिंह के नाम है।