मैक्सिको में चल रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में हरियाणा की मनु भाकर ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। मनु ने दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड पर कब्जा किया है। इससे पहले मनु पिछले साल दिसंबर में जापान में हुई एशियन चैंपियनशिप में दस मीटर एयर पिस्टल में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
बता दें कि 16 वर्षीय मनु ने सिर्फ दो साल पहले ही निशानेबाजी शुरू की थी। अब मनु बड़ी तेजी से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिताब जीत रही हैं। पिछले साल दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उन्होंने अपने नाम किए थे। खास बात यह है कि इससे पहले मनु मुक्केबाजी किया करती थीं।
एक साक्षात्कार में मनु ने खुद बताया कि निशानेबाजी से पहले वह मुक्केबाजी और थांग टा ( मणिपुरी मार्शल आर्ट) करती थीं। वह ऐसे खेल इसलिए खेलती थी क्योंकि उन्हें अपने विरोधियों को मारना अच्छा लगता था। मुक्केबाजी के दौरान उनकी आंख में चोट आ गई थी, जिसके बाद मनु की मां ने उन्हें यह खेल खेलने से मना कर दिया।