16 वर्षीय महिला शूटर मनु भाकर और अनमोल की जोड़ी ने मैक्सिको में चल रहे जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में दस मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। यह भारत का आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप निशानेबाजी में सातवां गोल्ड मेडल है। वहीं जूनियर वर्ल्ड कप में मनु के नाम यह दूसरा गोल्ड है।
भाकर और अनमोल की जोड़ी ने स्पर्धा में शुरू से ही बढ़त बनाए रखी है। उन्होंने क्वॉलिफिकेशन में सर्वाधिक स्कोर बनाया और इस बीच जूनियर क्वॉलिफिकेशन का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी स्थापित किया। अनमोल और भाकर ने 770 अंक के साथ यह रिकॉर्ड बनाया है। इस स्पर्धा में चीन ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। लियु जिनयाओ और ली झुई 473.3 अंक के साथ दूसरे जबकि वांग झेहाओ और झियो झियाझुआन 410.7 अंक बनाकर तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं भारत के 18 वर्षीय गौरव राणा और 19 वर्षीय महिमा तुर्ही अग्रवाल की जोड़ी पदक से चूक गई। उन्हें फाइनल में 38 शॉट के बाद बाहर होना पड़ा तब उन्होंने 370.2 अंक बनाए थे और वे चौथे स्थान पर थे। भारत अब सात गोल्ड सहित 17 पदक लेकर दूसरे स्थान पर चल रहा है। चीन आठ स्वर्ण सहित 21 पदक लेकर पहले स्थान पायदान पर बरकरार है।