विश्व रैपिड चैम्पियन कोनेरू हंपी ने एक अन्य भारतीय खिलाड़ी द्रोणावल्ली हरिका को केर्न्स कप शतरंज के नौवें और आखिरी दौर में ड्रॉ पर रोक कर पिछले दो महीने में अपना दूसरा खिताब हासिल किया, पिछले साल दिसंबर में विश्व रैपिड चैम्पियन बनी हंपी इस टूर्नामेंट में छह अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर रही।
इस कामयाबी में उन्हें पांच ईएलओ रेटिंग अंक मिलेंगे, जिससे वह विश्व रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच जाएंगी। भारतीय ग्रैंडमास्टर हंपी ने कहा, ‘मैं इतना चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट जीतकर बहुत खुश हूं, इससे मुझे यह भी एहसास होता है कि विश्व रैपिड खिताब जीतना मेरे लिए कोई तुक्का नहीं था।’
32 साल की इस भारतीय खिलाड़ी को चैम्पियन बनने के लिए आखिरी दौर में सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी, उन्हें रविवार रात को खेले गए मुकाबले में हरिका के खिलाफ ऐसा करने में कोई परेशानी नहीं हुई। इस जीत से हंपी को पुरस्कार राशि के तौर पर 45,000 डॉलर मिले। विश्व चैम्पियन वेंजुन जू 5.5 अंक के साथ दूसरे पायदान पर रही। हरिका 4.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रही।