विश्व कप उपविजेता ईरान की टीम ने शनिवार को अर्जेंटीना को 54-24 से हराकर कबड्डी मास्टर्स में अपनी दूसरी जीत हासिल की। फुटबॉल के लिए मशहूर अर्जेंटीना की टीम मैच हार गई लेकिन उसने कड़े संघर्ष का जज्बा जरूर दिखाया।
अपना केवल दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही अर्जेंटीना ने 3-0 से बढ़त ले ली थी लेकिन अनुभवी ईरान ने जल्द ही मैच पर नियंत्रण कर लिया और मध्यांतर तक टीम 37-7 की बढ़त बना चुकी थी। तीन बार अर्जेंटीना ऑलआउट हुई। अर्जेंटीना में अनुभव के साथ टीम वर्क का अभाव दिखा। ईरान की ओर से इमाद ने सर्वाधिक 11 अंक बटोरे।
दूसरे हाफ में अर्जेंटीना की टीम एक बार ईरान को ऑलआउट करने में सफल रही। अर्जेंटीना के कोच और राष्ट्रीय कबड्डी संघ के अध्यक्ष रिकार्डो एकुना ने कहा कि ईरान ने सौ मैच खेले हैं जबकि हम दूसरा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे हैं। अहमदाबाद में 2017 में विश्व कप के अभ्यास मैच में भी अर्जेंटीना की टीम का सामना ईरान से हुआ था। तब वह 12-77 से हारे थे। उस लिहाज से इस मैच में काफी सुधार दिखा है।