भारत के जूनियर निशानेबाजों का आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी है। 16 वर्षीय विजयवीर सिद्धू ने शु्क्रवार को जूनियर पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में राजकंवर सिंह संधू और आदर्श सिंह के साथ मिलकर टीम का गोल्ड मेडल हासिल किया।
वहीं गुरप्रीत सिंह ने सीनियर पुरुष स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। भारत अभी 11 गोल्ड, 9 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज से कुल 27 पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है, जो प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।
25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गुरुवार को चौथे स्थान पर रहने वाले विजयवीर ने 572 का स्कोर बनाया, जिससे वह कोरिया के ली गुनहेयोक (570) और चीन के हाओजी जू (565) से आगे रहे। टीम स्पर्धा में विजयवीर ने अपने साथी निशानेबाजों के साथ मिलकर कुल 1695 अंक जुटाए, जिससे भारत शीर्ष स्थान हासिल करने में कामयाब रहा।
सीनियर प्रतिस्पर्धा में गुरप्रीत सिंह ने सुनिश्चित किया कि उनके सिल्वर से दल सकारात्मक तरीके से टूर्नमेंट का अंत करे। कॉमनवेल्थ गेम्स के पूर्व गोल्ड मेडलिस्ट गुरप्रीत ने 579 का स्कोर बनाया। यूक्रेन के पावलो कोरोस्टाइलोव से पीछे वह दूसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 581 अंक जोड़े। ब्रॉन्ज कोरिया के किम जुनहोंग ने हासिल किया।
भारत टीम स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहा, जिसमें गुरप्रीत, अमनप्रीत सिंह (560) और लंदन ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट विजय कुमार (560) ने मिलकर 1699 अंक का स्कोर बनाया। भारतीय जूनियर महिला स्कीट टीम चौथे स्थान पर रही। सिमरनप्रीत कौर, परिनाज धालीवाल और अरीबा खान ने कुल 318 अंक बनाए। कोई भी शूटर व्यक्तिगत स्पर्धा में फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ नहीं कर सकी।