फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेरेमी लालरिनुंगा ने रचा इतिहास, यूथ ओलिंपिक में सोना जीतने वाले पहले भारतीय

Tue, 09 Oct 2018 07:37 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

पंद्रह साल के भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा ने इतिहास रच दिया। वह यूथ ओलंपिक में किसी भी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।  जेरेमी ने 62 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक दिलाया। आइजोल के 15 वर्षीय जेरेमी ने 274 किलो (124 किलोग्राम +150 किलोग्राम) किलो वजन उठाया। मिजोरम के इस प्रतिभावान भारोत्तालक ने विश्व युवा चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था। 

विज्ञापन


जेरेमी ने क्लीन एंड जर्क में अपने आखिरी प्रयास में 150 किलोग्राम वजन उठाया। इससे पहले स्नैच में उन्होंने 124 किलोग्राम का भार उठाया था। सोमवार रात को अर्जेंटीना की राजधानी में हुए इस मुकाबले में उन्होंने तुर्की के टॉपटस कानेर और कोलंबिया के विलर एस्टिवन को पछाड़कर सोने का तमगा हासिल किया। कानेर ने 263 किलोग्राम (122 किग्रा+144 किग्रा) और एस्टिवन ने 260 किलोग्राम (115 किग्रा +143किग्रा) वजन उठाया था।

इसके साथ ही भारत यूथ ओलंपिक में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की ओर है। भारत अब तक तीन रजत और एक स्वर्ण पदक जीत चुका है। चार साल पहले चीन के नानजिंग में हुए पिछले खेलों में भारत ने दो पदक एक रजत और एक कांस्य पदक जीता थे। इस बार अब तक भारत की झोली में चार पदक आ चुके हैं। 
विज्ञापन

निशानेबाज तुषार माने और मेहुली घोष ने 10 मीटर राइफल में दो रजत पदक दिलाए हैं। जबकि जूडो में थंगजाम तबाबी देवी ने 44 भारवर्ग में दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक जीता है। पहले यूथ ओलंपिक (2010) में भारत ने छह रजत और दो कांस्य पदक जीते थे। जहां लालरिनुंगा ने देश को ऐतिहासिक कामयाबी दिलाई वहीं महिला भारोत्तोलक स्नेहा सोरेन 48 भारवर्ग में पांचवें स्थान पर रहकर पोडियम फिनिश नहीं कर सकीं।

भविष्य में जेरेमी है बड़ी आस

मिजोरम का यह खिलाड़ी 26 अक्तूबर को 16 साल का होगा। उन्हें भारतीय वेटलिफ्टिंग में आने वाले समय का बड़ा सितारा माना जा रहा है। इससे पहले,  जेरेमी ने यूथ एशियाई चैंपियनशिप में रजत  और जूनियर एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। यूथ एशियन चैंपियनशिप के दौरान उन्होंने दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए थे।

पिता रहे हैं मुक्केबाजी में चैंपियन

लालरिनुंगा के पिता मुक्केबाज रहे हैं उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सात स्वर्ण पदक जीते हैं। वह मिजोरम के लोक कार्यसेवा विभाग में कार्यरत हैं। मिजोरम भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष एन थांगचुंगनुंगा ने बताया कि शुरुआत में जेरेमी भी मुक्केबाज ही बनना चाहता था और उन्होंने अभ्यास करना भी शुरू कर दिया था। बाद में प्रशिक्षकों की सलाह पर आठ साल की उम्र में 2011 में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट के स्काउट्स ने उनकी प्रतिभा देखते हुए उन्हें प्रशिक्षण के लिए चुन लिया।

बैडमिंटन में लक्ष्य सेन की जीत से शुरुआत  

तैराकी में श्रीहरि नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर रहे। टेबल टेनिस में अर्चना कामथ और मानव ठक्कर अपने ग्रुप मैच जीतने में सफल रहे। कामथ ने मलयेशिया की जावेन चूंग को 4-2 से और मानव ने स्लोवाकिया के एलेक्जेंड्रा वोवोक को 4-1 से पराजित किया। बैडमिंटन में युवा सनसनी लक्ष्य सेन ने यूक्रेन के डानयालो बोसनिक को शुरुआती मुकाबले में 23-21, 21-8 से हराया। हॉकी में भारतीय पुरुष टीम ने ऑस्ट्रिया को 9-1 से रौंद दिया।
विज्ञापन


47: खिलाड़ी भाग ले रहे हैं यूथ ओलंपिक में भारत को जोकि अब तक का सबसे बड़ा दल है

04: पदक हो चुके हैं अब तक भारत के जिसमें एक स्वर्ण और तीन रजत शामिल हैं

274 :किलो वजन उठाकर 62 किलो भारवर्ग में हासिल किया पहला स्थान 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें