यादव ने रवि कुमार के निलंबन की पुष्टि की लेकिन इन अटकलों को बकवास करार दिया कि आईडब्ल्यूएलएफ पर 2020 ओलिंपिक कोटा स्थान गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। यादव ने मंगलवार को कहा, 'रवि को चार साल के लिए निलंबित किया गया है। उसे एसएआरएम के लिए पॉजिटिव पाया गया है।'
उन्होंने कहा, 'नियम स्पष्ट कर देता हूं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान हुए डोपिंग उल्लंघनों को ही गिना जाता है जहां वाडा भारोत्तोलनों का परीक्षण करता है। नाडा की सजा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वैध नहीं होती। इस सजा को नहीं गिना जाएगा और मैं आपको आश्वासन दे सकता हूं कि जब तक तोक्यो ओलिंपिक के कोटा स्थान का सवाल है तो भारतीय भारोत्तोलक सुरक्षित हैं।'
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) के नए नियमों के अनुसार अगर 2008 और 2020 के बीच अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में (जहां वाडा ने परीक्षण किया हो) किसी देश के 20 या उससे अधिक खिलाड़ी डोपिंग उल्लंघन के दोषी पाए जाते हैं तो वह देश सिर्फ एक पुरुष और एक महिला भारोत्तोलक को ही ओलिंपिक में भेज सकता है।
20 से कम डोपिंग उल्लंघन वाले देश दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ियों को भेज सकते हैं। यह नई नीति पिछले साल प्रभावी हुई थी जब अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने डोपिंग रिकॉर्ड में सुधार करने में विफल रहने पर खेल को पेरिस 2024 खेलों के ओलिंपिक कार्यक्रम से हटाने की धमकी दी थी।