मनु भाकर, यशस्विनी सिंह देसवाल और राही सरनोबत की भारतीय तिकड़ी ने शुक्रवार को आईएसएसएफ विश्व कप में 10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय महिला एयर पिस्टल टीम ने वेरोनिका मेजर, मिरियम जाको और सारा राहेल फैबियन को कांस्य पदक के मुकाबले में 16-12 से शिकस्त दी। तीनों भारतीयों ने 573 के स्कोर से तीसरे स्थान से फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। इससे पहले ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, दीपक कुमार और दिव्यांश सिंह पंवार की भारतीय पुरुष टीम को 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मैच में हार का सामना करना पड़ा जबकि महिला निशानेबाज क्वालीफाइंग दौर से आगे नहीं बढ़ सकीं।