इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने गैर मान्यता प्राप्त खेल संघों को खुद किट खरीद कर जकार्ता एशियाई खेलों में खेलने का फरमान जारी किया है। 541 के दल में 83 ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके खेलों को आईओए से मान्यता नहीं मिली है। इन खिलाड़ियों की किट का खर्च उठाने से आईओए ने इंकार कर दिया है।
सांबो, कुराश, पेनकॉक सिलाट, सॉफ्ट टेनिस, स्पोर्ट क्लाइंबिंग, रोलर स्केटिंग ऐसे खेले हैं जिन्हें या तो आईओए या फिर खेल मंत्रालय से मान्यता नहीं मिल रखी है। आईओए का कहना है कि ऐसे खेल संघों के लिए वह खर्च क्यों उठाएं?
उद्घाटन और समापन समारोह के अलावा स्पोर्ट्स किट पर प्रति खिलाड़ी 30 हजार रुपये का खर्च आ रहा है। कई खेल संघों ने उनके पास फंड नहीं होने की दुहाई देते हुए किट सिलवाने से हाथ खड़े कर दिए हैं।
नतीजन खिलाड़ियों को ही किट सिलवानी पड़ रही है। खास बात यह है कि आईओए के लिए किट ली निंग तैयार कर रहा है। इन खेल संघों को भी किट ली निंग से तैयार करानी पड़ रही है। हालांकि खेल मंत्रालय ने साफ किया है कि जिन खेल संघों को उनसे मान्यता मिल रखी है उनकी किट का खर्च मंत्रालय की ओर से उन्हें मुहैया करा दिया जाएगा।