किरण रिजिजू-मैरी कॉम (फाइल फोटो)
- फोटो : social Media
छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम, निशानेबाज अंजुम मुदगिल और केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फिल्म अभिनेत्री और फिटनेस प्रेरक शिल्पा शेट्टी के साथ ऑनलाइन सत्र में हिस्सा लेंगी।
सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम फिट इंडिया के तहत 45 मिनट के सत्र ‘फन, फैमिली योगा’ को आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देशों के तहत तैयार किया गया है। कोविड-19 के कारण लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को घर पर ही मनाएंगे।
अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुकीं अंजुम मुदगिल ने कहा कि मैं रिजिजू सर और शिल्पा शेट्टी से सीखने और संवाद करने को लेकर बेताब हूं। हम साथ मिलकर उन बच्चों और अभिभावकों में स्वास्थ्य को लेकर योग की महत्वता को लेकर जागरूकता बढ़ाएंगे जो हमें देख रहे होंगे।
कार्यक्रम में घर में ही रहकर योग के आसान और बेहद प्रभावशाली तरीकों को लेकर जागरूक किया जाएगा। प्राणायाम और ध्यान को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
स्वस्थ-फिट बनने का लीजिए संकल्प
मैं इस योग सत्र को खेल मंत्री किरेन रिजिजू और कुछ खिलाड़ियों के साथ स्कूली बच्चों के लिए कर रही हूं। कृपया अपने परिवार के सदस्यों के साथ हमारे साथ अपना योग मैट लेकर जुड़िए। अपने भविष्य को स्वस्थ और फिट बनाने का संकल्प लीजिए। शिल्पा शेट्टी