भारत के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मस्कट में आयोजित ओमान जूनियर एवं कैडेट ओपन टूर्नामेंट में एक स्वर्ण सहित कुल सात पदक जीते। इस आईटीटीएफ प्रीमियम जूनियर सर्किट प्रतियोगिता में लड़कियों के कैडेट वर्ग में भारत की बी टीम ने चीनी ताइपे-एक को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय टीम में काव्या श्री भास्कर और निश्चिमा सरकार शामिल थी। काव्या ने अपने दोनों एकल मैच जीते। तनीशा एस. कोटेचा और सुहाना सैनी की इंडिया ए टीम को सेमीफाइनल में इसी वर्ग में इंडिया बी टीम से हार मिली। लड़कों के कैडेट वर्ग में दोनों भारतीय टीमों को सेमीफाइनल में हार मिली। इन दोनों टीमों को कांस्य पदक मिला।
लड़कियों के जूनियर वर्ग के मुकाबले राउंड रोबिन आधार पर खेले गए और इसमें इंडिया-ए टीम में शामिल स्वस्तिका घोष और अनार्ग्या मंजूनाथ ने सात अंक जुटाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इस तरह इन दोनों को रजत पदक मिला। श्रेयांस गोयल और एच. जेहो की इंडिया बी टीम को ईरान के हाथों 1-3 से हार मिली और इस तरह यह टीम कांस्य पदक जीतने में सफल रही।