भारत की स्टार धाविका हिमा दास की सुनहरी दौड़ जारी है। हिमा ने अब एक कदम और आगे बढाते हुए इस बार 400 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले हिमा पिछले 19 दिनों में अभी तक अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक मीट में शामिल होकर 200 मीटर की दौड़ में चार गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुकी हैं।
चोट से उबरते हुए हिमा अपनी रफ्तार से लगातार सभी को चौंका रही हैं। अब हिमा ने चेक रिपब्लिक में हुए एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की दौड़ में 52.09 सेकंड के समय के साथ इस महीने का अपना पांचवां गोल्ड अपने नाम किया। हिमा का इस सीजन का यह व्यक्तिगत स्तर पर बेस्ट प्रदर्शन था।
ढिंग एक्सप्रेस के नाम से मशहूर 19 साल की हिमा इसी साल अप्रैल में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर की दौड़ से पीठ दर्द की वजह से बाहर हो गई थीं। इससे पहले हिमा ने इसी महीने 2, 6, 13 और 17 जुलाई 2019 को भी अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय इवेंट के 200 मीटर दौड़ में चार गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।