डोपिंग टेस्ट में फेल होने के बाद भारतीय मूल के पहलवान विनोद कुमार को ऑस्ट्रेलिया के रियो ओलंपिक टीम से बाहर कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया ओलंपिक समिति ने एक वक्तव्य जारी कर रेसलिंग ऑस्ट्रेलिया से पहलवान विनोद कुमार का नाम वापस लेने को कहा है। विनोद को रियो में ग्रीको-रोमन कुश्ती में 66 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा लेना था। वह 2010 में भारत से ऑस्ट्रेलिया चले गए और 2015 में वहां के नागरिक बन गए।
अल्जीरिया के अल्जर में अफ्रिकन/ओशियन ओलंपिक क्वालिफाइयर के दौरान विनोद का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। उनका ए और बी सैंपल का टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया था।
विनोद को चार साल के लिए निलंबित कर दिया गया है, लेकिन उन्हें इसके खिलाफ 30 दिन में कोर्ट ऑफ अर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट में अपील करना पड़ेगा।