जय हिंद के उद्घोष के साथ भारतीय दल शनिवार की रात इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से टोक्यो के लिए विदा हुआ। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 88 सदस्यीय भारतीय दल को एयरपोर्ट पर जय हिंद के जयकारे लगवाकर उनमें टोक्यो ओलंपिक में कुछ कर गुजरने का जोश भरा।
पीवी सिंधू, मनिका बत्रा, दीपिका कुमारी, मनप्रीत सिंह जैसे खिलाड़ी उस वक्त भावुक हो गए जब एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मियों, एयरहोस्टेस ने तिरंगा दिखाकर और तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा टोक्यो बड़े मन के साथ जाएं। यह सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि सभी देशवासियों के लिए बहुत बड़ा पल है। 135 करोड़ देशवासियों की दुआएं उनके साथ हैं। वहीं पूर्व खेल मंत्री किरन रिजिजू ने ट्विटर एक पोस्ट किया जिसमें भारतीय खिलाड़ी भारत माता की जय कहते नजर आ रहे हैं।
टोक्यो जाने के लिए आज हैदराबाद से बैडमिंटन टीम, बंगलूरू से पुरुष और महिला हॉकी टीम, पुणे से तीरंदाजी टीम, सोनीपत से टेबल टेनिस टीम के अलावा तैराकी, जूडो और जिम्नास्टिक दल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। 88 सदस्यीय दल में 54 खिलाड़ी और बाकी सपोर्ट स्टाफ था। इन सभी का खेल मंत्री के अलावा खेल राज्य मंत्री निशीथ परमाणिक, आईओए अध्यक्ष नरेंदर बत्रा, महासचिव राजीव मेहता ने हौसला बढ़ाया।
टोक्यो ओलंपिक में 127 सदस्यीय भारतीय दल शिरकत करने जा रहा है। वेटलिफ्टिंग, शूटिंग, बॉक्सिंग, पुरुष पहलवान विदेश से ही टोक्यो पहुंच रहे हैं।