स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने कहा है कि वह एनआईएस पटियाला में अलग रहने के दौरान जिम में वर्कआउट करने के अलावा फिल्में देखने में व्यस्त हैं। उन्होंने कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए देश के लोगों से गरीबों की खातिर जिम्मेदारी से व्यवहार करने का आग्रह किया। टोक्यो ओलंपिक के क्वालिफाई कर चुके नीरज को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने 14 दिन अलग रहने की सलाह दी है। वह तुर्की में ट्रेनिंग करके स्वदेश लौटे हैं।
चोपड़ा ने कहा, ‘मैं बिलकुल भी ट्रेनिंग नहीं कर रहा हूं। इस होस्टल में विदेश से ट्रेनिंग करके लौटे खिलाड़ी ही ठहरे हैं। उन्हें कहीं भी जाने की अनुमति नहीं है लेकिन हमें वर्कआउट के लिए एक पुराना जिम दिया गया है ताकि हम फिट रहें। मैं इस खाली समय का इस्तेमाल संगीत सुनने, परिवार वालों और दोस्तों से फोन पर बात करके और थोड़ा बहुत पढ़ने में कर रहा हूं। कभी कभार अपने लैपटॉप पर फिल्में भी देख रहा हूं।’ उन्होंने अपने साथी भारतीयों से खतरनाक कोरोना वायरस को गंभीरता से लेने और अधिकारियों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘लोगों को इस महामारी को गंभीरता से लेना चाहिए और दिशानिर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्हें यह खुद ही करना चाहिए जैसे प्रधानमंत्री का जनता कर्फ्यूू। यूरोप में देश बहुत छोटे होते हैं। उनके पास बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं हैं लेकिन वे गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। हमारा देश काफी बड़ा है जिसमें काफी संख्या में गरीब लोग हैं। अगर हमारा देश इस महामारी के तीसरे चरण में पहुंच जाएगा तो इसके बहुत ही भयावह नतीजे होंगे। हमें इस बीमारी के अगले चरण में पहुंचने से पहले ही इसे रोकने की कोशिश करनी चाहिए। इसलिए हम सभी को जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए और सामाजिक दूरी बनाने का प्रयास करना चाहिए।