India vs China: महिला हॉकी विश्व कप में भारत को नहीं मिली पहली जीत, चीन से भी मैच ड्रॉ, वंदना कटारिया ने फिर किया गोल
Tue, 05 Jul 2022 11:48 PM IST
रोहित राज
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्स्टेल्विन
सार
भारतीय टीम भले ही हार से बच गई, लेकिन उसके इस प्रदर्शन को निराशाजनक कहा जाएगा। रैंकिंग में टीम इंडिया आठवें और चीन 13वें स्थान पर है। भारत से मैच में ज्यादा गोल की उम्मीद थी, लेकिन चीन ने उसे बांधे रखा।
महिला हॉकी विश्व कप में भारत को पहली जीत का इंतजार खत्म नहीं हुआ। ग्रुप-बी के अपने दूसरे मुकाबले में उसने चीन से ड्रॉ खेला। मंगलवार (पांच जुलाई) को नीदरलैंड के एम्स्टेल्विन में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। इस तरह मैच 1-1 की बराबरी पर छूटा। भारत को अपने पहले मुकाबले में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा था। चीन के खिलाफ मैच में वंदना कटारिया ने गोल किया। वंदना इंग्लैंड के खिलाफ भी गोल कर टीम इंडिया को हार से बचाया था।
विज्ञापन
भारतीय टीम भले ही हार से बच गई, लेकिन उसके इस प्रदर्शन को निराशाजनक कहा जाएगा। रैंकिंग में टीम इंडिया आठवें और चीन 13वें स्थान पर है। भारत से मैच में ज्यादा गोल की उम्मीद थी, लेकिन चीन ने उसे बांधे रखा। अब टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करनी होगी। यह मुकाबला सात जुलाई को खेला जाएगा।
भारत ने चार पेनल्टी कॉर्नर बर्बाद किए
दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा। भारत और चीन का पजेशन 50-50 फीसदी रहा। भारत को मैच में पांच कॉर्नर मिले, लेकिन वह सिर्फ एक पर गोल करने में कामयाब हो सका। चीन अपना इकलौता गोल फील्ड से किया। मैच ड्रॉ होने के बाद भारत के अब दो अंक हो गए। वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। चीन के भी दो अंक हैं। वह पहले पायदान पर है।
चौथे क्वार्टर में देखने को मिली कड़ी टक्कर
मैच के आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारत ने क्वार्टर शुरू होते ही लगातार हमले किए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर, चीन ने भी आखिरी मिनट तक प्रयास किया, लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने किया गोल
भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में वापसी की। 44वें मिनट में स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। वंदना ने गुरजीत कौर के शॉट को गोलपोस्ट में डाल दिया।
दूसरे क्वार्टर में चीन ने खोला खाता
चीन ने मैच में खाता दूसरे क्वार्टर में खोला। 25वें मिनट में झेंग जियाली ने पहला गोल दागा। दूसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने गोल करने के दो मौके गंवाए। उसे दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम एक को भी गोल में नहीं बदल पाई।
पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं
पहले क्वार्टर के शुरुआत में चीन ने तेजी दिखाई। उसने लगातार अटैक किए। भारतीय डिफेंडर्स ने बेहतरीन काम किया और उसे गोल करने से रोके रखा। भारतीय टीम ने भी आक्रामकता दिखाई। उसने चीन को दो-तीन बार परेशान किया, लेकिन गोल नहीं आ सका।