पांच बार की विश्व चैंपियन
एम सी मैरीकॉम इंडियन ओपन मुक्केबाजी में अपने भारवर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं जबकि पुरुष वर्ग में विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता
शिव थापा और राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन मनोज कुमार को सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
बारहवीं वरीयता प्राप्त मैरीकॉम ने 48 भारवर्ग में मंगोलिया की एलटानसेतेसेग को पराजित कर दिया। एशियन चैंपियन मैरीकॉम ने शुरू से ही आक्रामक तेवर अपनाए और पहले दो राउंड में अपना दबदबा बना लिया। मणिपुरी मुक्केबाज को अंतिम राउंड में कुछ चुनौती मिली लेकिन वह जीतने में सफल रहीं।
फाइनल में उनका सामना फिलिपींस की जोसी गाबुको से होगा। गाबुको ने दूसरी वरीय भारत की मोनिका को हराया। एल सरिता देवी (60 भारवर्ग) ने प्रियंका को पराजित किया। सरिता के पावरफुल पंच के आगे प्रियंका को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सरिता की फाइनल में फिनलैंड की ओलंपिक और विश्व कांस्य पदक विजेता मिरा पोटकोनेन से टक्कर होगी। पोटकोनेन ने सेमीफाइनल में पवित्रा को हराया। राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता पिंकी जांगड़ा (51) ने भी थाईलैंड की रक्सात को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
विश्व यूथ चैंपियन शशि चोपड़ा (57) को हमवतन सोनिया से शिकस्त मिली। विश्व चैंपियनशिप की पूर्व रजत पदक विजेता सरजूबाला देवी (51) को कांस्य से संतोष करना पड़ा। सेमीफाइनल में उन्हें मंगोलिया की जरगलान ओचिरबेत ने 3-2 से हराया। 64 भारवर्ग में सिमरनजीत भी सेमीफाइनल में हारकर कांस्य की ही हकदार बनीं।