भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान एल वोल्वार्ड्ट के शतक की बदौलत मैच 9 विकेट से जीता। भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी हार थी। दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
भारत ने बनाए थे 192 रन
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने चार विकेट पर 192 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने आईं शैफाली वर्मा ने 64 रनों की पारी खेली। 46 गेंदों पर खेली गई पारी में वर्मा ने दो छ्क्के और आठ चौके लगाए थे। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 38 गेंदों पर तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से 66 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर 37 और ऋचा घोष ने 10 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाए।
वोल्वार्ड्ट का दमदार शतक
193 का लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन बेहतरीन फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोल्वार्ड्ट ने अपने तीसरे टी20 शतक की बदौलत लक्ष्य को न सिर्फ आसान, बल्कि छोटा साबित कर दिया। पारी की शुरुआत करने आईं वोल्वार्ड्ट 53 गेंदों पर पांच छक्कों और 14 चौकों की मदद से 115 रन बनाकर आउट हुईं। उनका विकेट 183 के स्कोर पर गिरा, तब तक वह टीम के लिए जीत की कहानी लिख चुकी थीं। वोल्वार्ड्ट का टी20 का यह सबसे बड़ा स्कोर है।
सुने लुस ने भी खेली तूफानी पारी
उनके साथ पारी की शुरुआत करने आईं सुने लुस 42 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहीं। ताजमिन ब्रिट्स चार गेंदों पर दो रन बनाकर नाबाद रहीं। दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में एक विकेट पर 193 रन बनाकर मैच नौ विकेट से जीत लिया। वोल्वार्ड्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।