प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्लूएल) सीजन तीन के एक लीग मुकाबले में बुधवार को रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता हेलेन मारॉलिस और हरफूल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत हरयाणा हैमर्स ने वीर मराठा पर 5-2 से शानदार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में मारॉलिस और हारफूल ने पांचवा और छठा राउंड जीतकर अपनी टीम को 4-2 की लीड दिलाई। हरियाणा हैमर्स के लिए व्लादीमिर, सरिता, हरफूल, हेलन और खेतिक ने जीत हासिल की, जबकि वीर मराठा के लिए वेसलिसा और जॉर्जी ही जीत हासिल कर सके।
हरियाणा हैमर्स की ओर से खेल रहे रियो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट व्लादीमिर खिनचेंगशिवली ने 57 किलोग्राम वर्ग में वीर मराठा के सरवन को 7-3 से हराया। वहीं अगले मुकाबला महिलाओं की 76 किलोग्राम वर्ग में खेला गया, जहां वीर मराठा की वेसलिसा मारजाल्यूक ने हरियाणा हैमर्स की पूजा को बड़ी आसानी से महज दो मिनट में हरा दिया। इसका नतीजा चित-पट के आधार पर आया।
अंतिम व निर्णायक मुकाबला 65 किलोवर्ग में अमित धनखड़ और हरफूल के बीच खेला गया। दिन का सबसे रोचक मुकाबला पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में देखने को मिला, जहां हरियाणा हैमर्स के युवा पहलवान हरफूल ने वीर मराठा की ओर से खेल रहे तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन अमित धनकड़ को हरा दिया।. कांटे की टक्कर में मुकाबला 5-5 की बराबरी पर खत्म हुआ, लेकिन आखिरी अंक हरफूल ने लिया जिसकी वजह से उन्हें विजेता घोषित किया गया।