ग्रैंडमास्टर द्रोणवल्ली हरिका विश्व महिला शतरंज चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में रैपिड टाइब्रेकर में जॉर्जिया की बेला के को हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी के अप्रत्याशित रूप से बाहर होने के बाद हरिका पर भारत की उम्मीदों का दारोमदार था और उन्होंने निराश भी नहीं किया।
हरिका ने दूसरा रैपिड गेम काले मोहरों से खेलते हुए जीता जिसमें हर खिलाड़ी को 25 मिनट दिए जाते हैं। पिछले दो सत्र में नॉकआउट प्रारूप की कांस्य पदक विजेता हरिका सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में थीं। अन्य बड़े मुकाबलों में यूक्रेन की मारिया मुजिचुक ने हार की कगार से लौटकर तुर्की की एकातेरिना अतालिक को हराया। वहीं, नताल्या पोगोनिना ने चीन की झू जिनेर को मात दी।
अब हरिका का सामना रूस की अलेक्जेंड्रॉ के से होगा जो पूर्व विश्व चैंपियन रह चुकी हैं। हरिका ने पिछले सत्र में उसे आसानी से हराया था। इससे पहले हम्पी दूसरे दौर के दूसरे गेम में पॉलैंड की जोलोटा जावाद्का से हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
हम्पी ने काले मोहरों से पहले गेम में ड्रॉ खेला। दूसरे गेम में हम्पी ने आक्रामक रूख अपनाया लेकिन उनका दाव उलटा पड़ गया और 78 चाल के बाद जावाद्का ने उन्हें हार मानने पर मजबूर कर दिया।
हरिका ने दूसरे गेम में जॉर्जिया की बेला खोतेनाश्विली से ड्रॉ खेला था । वह पहले गेम में काले मोहरों से खेल रही थी लेकिन जीत नहीं सकी। दूसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलते हुए उसने अंत तक कोशिश की लेकिन जीत दर्ज नहीं कर सकी।