गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स ने बुधवार को प्रो कबड्डी 2018 के 129वें मुकाबले में गत चैंपियन पटना पायरेट्स पर शानदार जीत दर्ज की। गुजरात ने पटना को 37-29 से हराया। इस जीत के साथ गुजरात जोन ए के अंकतालिका में 93 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है।
इस मुकाबले में गुजरात की तरफ से रोहित गुलिया ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 19 रेड में 9 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि सुनिल कुमार 5 टैकल में 5 अंकों के साथ टॉप डिफेंडर रहे। वहीं, पटना पायरेट्स की तरफ से कप्तान प्रदीप नरवाल ने 18 रेड में 10 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि विकास जगलान 4 टैकल में 3 प्वाइंट्स के साथ टॉप डिफेंडर रहे।
बता दें कि इस मुकाबले में गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स को 18 रेड प्वाइंट्स, 14 टैकल प्वाइंट्स, 2 ऑलआउट प्वाइंट्स और 3 एक्सट्रा प्वाइंट्स मिले। वहीं, गत चैंपियन पटना पायरेट्स को 18 रेड प्वाइंट्स, 6 टैकल प्वाइंट्स, 0 ऑलआउट प्वाइंट्स और 5 एक्स्ट्रा प्वाइंट्स मिले।
वहीं, प्रो कबड्डी के 130वें मुकाबले में बंगाल वॉरियर्स ने बेंगलुरु बुल्स को 37-31 से हराया।