भारत की जूनियर पुरुष और महिला टीमों सहित ब्यूनर्स आयर्स मे होने वाले यूथ ओलंपिक खेलों में 5 ए साइड हॉकी टूर्नामेंट में दोनों वर्गों में 12-12 टीमें शिरकत करेंगी।
भारत की जूनियर पुरुष टीम ने अप्रैल में बैंकॉक में एशियाई यूथ ओलंपिक खेल क्वॉलिफायर्स 2018 में मलयेशिया को फाइनल में शूटआउट में 2-1 से हरा अपने सभी मैच जीत कर जबकि भारत की जूनियर महिला टीम ने चीन से फाइनल में 1-4 से हार उपविजेता के रूप में यूथ ओलंपिक खेलों की 5 ए साइड हॉकी टूर्नामेंट के लिए क्वॉलिफाई करने में कामयाब रही थी।
दोनों वर्गों की 12-12 जूनियर पुरुष और जूनियर महिला टीमों के यूथ ओलंपिक में शिरकत करने की पुष्टि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी संघ (एफआईएच) ने बृहस्पतिवार को की। यूथ ओलंपिक गेम्स में जूनियर हॉकी टीमों के 5 ए साइड हॉकी मुकाबले 7 से 14 अक्टूबर, 2018 तक ब्यूनर्स आयर्स में होंगे। इन टीमों के इन खेलों में हिस्सा लेने की पुष्टि 28 जुलाई को अफ्रीकन यूथ गेम्स के सम्पन्न होने के बाद की गई।
भारत की जूनियर टीम को ब्यूनर्स आयर्स में यूथ ओलंपिक खेलों में 5 ए साइड हॉकी टूर्नामेंट में 2014 के यूथ ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता ऑस्ट्रेलिया, रजत पदक विजेता कनाडा, मेजबान अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, बांग्लादेश, पोलैंड, मेक्सिको, मलयेशिया, केन्या, जाम्बिया और वनुआतू की टीमें से कड़ी चुनौती मिलेगी।
वहीं, भारत की जूनियर महिला टीम के सामने नानजिंग में 2014 की यूथ ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता चीन, मेजबान अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, पोलैंड, उरुग्वे, मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, नामिबिया, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वनुआतू से पार पाने की चुनौती होगी। भारत की जूनियर महिला टीम ने थाईलैंड में बैंकॉक में एशियाई यूथ ओलंपिक खेल क्वॉलिफायर्स में अपने तीनों पूल मैच जीतने के बाद सेमीफाइनल में मलयेशिया को 4-2 से हराया लेकिन फाइनल में चीन से 1-4 से हार गई थी।
दोनों वर्गों में दर्जन भर टीमों के यूथ ओलंपिक में शिरकत करने की पुष्टि हॉकी की वैश्विक पहुंच को दर्शाती है। इसमें हर महाद्वीप की टीम शिरकत करेगी और कई टीमें ऐसी हैं जो कि पहली बार यूथ ओलंपिक खेलों की हॉकी स्पद्र्धा में शिरकत करेंगी।
इनमें मेजबान अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, भारत, केन्या, मलयेशिया, मेक्सिको, पोलैंड वनुआतू की पुरुष टीमें हैं। महिला वर्ग की स्पद्र्धा में ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, भारत, मेक्सिको, नामिबिया, पोलैंड और जिम्बाब्बे की टीमें पहली बार इन खेलों में शिकरत करेंगी। चार बरस पहले नानजिंग (चीन) में हुए यूथ ओलंपिक में शिरकत करने वाले सभी मुल्कों की इस बार अलग-अलग टीमें शिरकत करेंगी।