टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने जा रहे स्टार निशानेबाज सौरभ चौधरी, राही सरनोबत, दीपक कुमार और मेराज अहमद खान के अलावा मुक्केबाज सिमरनजीत कौर उन पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने अभी तक कोविड-19 टीके की पहली खुराक नहीं ली है।
हालांकि अभी तक ओलंपिक और पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाले 120 एथलीटों और 27 पैरा एथलीट टीके की पहली खुराक ले चुके हैं। इनमें से 58 एथलीट और चार पैरा एथलीट तो दूसरी खुराक भी ले चुके हैं। इसी तरह 114 प्रशिक्षक और सपोर्ट स्टाफ अपनी पहली खुराक ले चुके हैं जबकि 37 ने दूसरी खुराक भी ले ली है।
सूत्रों ने बताया कि ओलंपिक जाने वाले एथलीटों में पांच इसलिए रह गए हैं क्योंकि वे संक्रमित रहे थे और अब उबर चुके हैं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने अब इन पांच खिलाड़ियों को जल्द से जल्द टीके की पहली खुराक लेने के लिए कहा है। आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा का कहना है कि यह हमारा दायित्व है कि हम अपने सभी खिलाड़ियों का टीकाकरण करें।