दो बार के गत विजेता मो फराह को यूरोपियन एथलेटिक्स कप में 10 हजार मीटर की दौड़ में हार का सामना करना पड़ा। वह क्वालिफाइंग मार्क भी हासिल नहीं कर सके। इससे इस चैंपियन खिलाड़ी का ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदों को झटका लगा है। फराह ने 27: 50.64 का समय निकाला और आठवें स्थान पर रहे।
उन्हें ओलंपिक में क्वालिफाई करने के लिए 27: 28 के समय की जरूरत थी। टोक्यो ओलंपिक की भागीदारी में फराह को साथी मार्क स्कोट से कड़ी चुनौती मिल रही है जिन्होंने इस साल के शुरू में 27:10.41 का समय निकाला था। चार बार के ओलंपिक चैंपियन 38 वर्षीय फराह ने इससे पहले इस साल बस एक हाफ मैराथन में मार्च में हिस्सा लिया था और विजेता बने थे। यदि उन्हें टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेना है तो उन्हें एक और रेस में क्वालिफाई करना होगा।
यूएस बेसबॉल टीम को टिकट
अमेरिकी बेसबाल टीम ने वेनेजुएला को 4-2 से हराकर टोक्यो ओलंपिक के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है। अमेरिका की टीम 2000 में एक बार इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। अमेरिका गत चैंपियन दक्षिण कोरिया, जापान, इस्राइल और मैक्सिको के साथ शामिल हो गई है। बेसबाल 2008 के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है। वेनेजुएला, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड के पास 22 से 26 जून तक मैक्सिको में होने वाले टूर्नामेंट में अपना स्थान सुरक्षित करने का मौका होगा।
चोट के बाद किंग कोहई वापसी
जापान के सफलतम जिमनास्टों में कोहई उचिमारा की गिनती होती है। वह टोक्यो में अपना चौथा ओलंपिक खेलने जा रहे हैं। उन्होंने रविवार को कड़े मुकाबले के बीच जापान की टीम में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। उनके खाते में अब तक ओलंपिक के सात पदक हैं और उन्हें किंग कोहई के नाम से जाना जाता है। पिछले ओलंपिक रियो डि जेनेरियो में वह 44 साल में पहले पुरुष जिमनास्ट बने थे जिन्होंने ओलंपिक में लगातार दूसरी बार ऑलराउंड खिताब जीता था और जापानी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में मदद की थी। उसके बाद हालिया वर्षों में वह चोटिल हो गए थे और अब उन्होंने वापसी की है। हालांकि इस बार उनका फोकस हॉरिजेंटल बॉर पर है।