ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान सुशील कुमार की 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में एंट्री को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, सुशील कुमार के साथी रेसलर प्रवीण राणा ने उन पर उनके समर्थकों को उकसाने का आरोप लगाया है। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्लूएफआई) ने संकेत दिए हैं कि अगर इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस सुशील कुमार के खिलाफ चार्जशीट दायर करती है तो अप्रैल में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में सुशील कुमार हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
हालांकि, यह आरोप लगने के बाद सुशील कुमार काफी हैरान है। सुशील पर किसी तरह की कार्रवाई होने से पहले रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा था। सुशील पर लगे आरोप को उन्होंने सिरे से नकारा है।
पढ़ेंः-
आंचल ठाकुर ने स्कीइंग में रचा इतिहास, भारत के लिए जीता पहला ब्रॉन्ज मेडल
वहीं, सुशील कुमार के समर्थक इसके पीछे प्रवीण राणा के बड़े भाई नवीन राणा को जिम्मेदार ठहरा रहे है। उनका कहना है कि सुशील और प्रवीण दोनों ही 74 किलोग्राम वर्ग के खिलाड़ी हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में क्वालीफाई करने के लिए सुशील सेमीफाइनल में प्रवीण राण को 7-3 और फाइनल में जितेंद्र कुमार को 4-3 से हराया था।
इस मामले को लेकर सुशील कुमार के खिलाफ प्रवीण राणा और उनके भाई ने डब्लूएफआई में शिकायत दर्ज करवाई है। इसके अलावा राणा बंधुओं ने सुशील के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई है। इससे संबंधित पूछताछ में सुशील ने कहा कि वह इस खेल को काफी सम्मान देते हैं और अपने साथी खिलाड़ियों के साथ इस तरह की साजिश नहीं रचते।