विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन के चैलेंजर का पता लगाने के लिए कैंडीडे्टस शतरंज टूर्नामेंट एक नवंबर से बहाल होगा। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। फिडे ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ को यह घोषणा करते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि कैंडीडेट्स टूर्नामेंट बहाल होगा, जिससे मैग्नस कार्लसन के चैलेंजर का चयन किया जाएगा। इसमें कहा गया कि आठवां दौर एक नवंबर 2020 से खेला जाएगा।’
टूर्नामेंट के लिए रूस के येकातेरिनबर्ग को ही मेजबान रखा जाएगा जबकि जॉर्जिया का तबिलिसी विकल्प होगा। गौरतलब है कि डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट सातवें दौर के बाद रोक दिया गया था। उस समय ग्रैंडमास्टर मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव (फ्रांस) और इयान नेपोमनियाश्चि (रूस) शीर्ष पर थे।