एशियाई खेलों में हेप्टाथलन का स्वर्ण जीतने वाली स्वप्ना बर्मन को अर्जुन और उनके कोच सुभाष सरकार को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिलाने के लिए साई आगे आई है। साई ने दोनों का नाम खुद भेजा है। हालांकि उसने दुती चंद का नाम आगे नहीं बढ़ाया। स्वप्ना का आवेदन एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी किया है। दुती का नाम एएफआई ने पांचवें नंबर की रैंकिंग पर भेजा था, जबकि एक संघ तीन नाम भेज सकता है। साथ ही ओडिशा सरकार ने भी उनका नाम देर से भेजा।
दुती कहती हैं कि वह इस मामले में हस्तक्षेप के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिल चुकी हैं, लेकिन खेल मंत्रालय को उनका कोई पत्र अब तक नहीं मिला है। साई ने ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए जिंसी फिलिप्स का नाम आगे बढ़ाया है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस 29 अगस्त को दिए जाते हैं, लेकिन अब तक मंत्रालय की ओर से अवॉर्ड की कमेटियां गठित नहीं की हैं।