तमिलनाडु के डी गुकेश दुनिया के दूसरे और भारत के सबसे युवा ग्रैंडमास्टर बन गए। गुकेश ने मंगलवार को 12 साल सात महीने में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने ही राज्य के आर प्रागनंदा का रिकॉर्ड तोड़ा जो पिछले साल जून में ग्रैंड मास्टर बने थे। गुकेश ने 17वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय ओपन शतरंज टूर्नामेंट के नौवें दौर में हमवतन डीके शर्मा को हराकर अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंड मास्टर नार्म हासिल किया। वह भारत के 59वें ग्रैंडमास्टर हैं।
दुनिया के सबसे युवा ग्रैंडमास्टर का रिकॉर्ड यूक्रेन के सर्गेई कार्जाकिन के नाम दर्ज है। उन्होंने 2002 में 12 साल सात महीने में यह उपलब्धि हासिल की थी। पिछले साल दिसंबर में गुकेश रिकॉर्ड बनाने से चूक गए थे। तब वह बार्सिलोना में तीसरे दौर में हार गए थे।
उन्होंने कहा कि ‘मैं ग्रैंडमास्टर बनकर बहुत खुश और उत्साहित हूं। मुझे खुशी है कि मैंने तीसरा ग्रैंडमास्टर नार्म हासिल किया। मैं भविष्य में आनंद सर (विश्वनाथन आनंद) के खिलाफ खेलना चाहूंगा।’