21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के छठे दिन मंगलवार को मेन्स शूटिंग में भारत की उम्मीदे खत्म हो गई है। गोल्ड कोस्ट के करारा स्टेडियम में खेले जा रहे पुरुषों की 50 मीटर एयर रायफल प्रोन में भारत के चैन सिंह और गगन नारंग मेडल की रेस से बाहर हो गए हैं।
भारतीय शूटर चैन सिंह 204.8 अंकों के साथ वह चौथे स्थान पर रहे, जबकि गगन नारंग 142.3 अंको के साथ 7वीं स्थान पर रहे। इसके साथ ही शूटिंग में भारत की चुनौती खत्म हो गई। इस इवेंट में क वेल्स के डेविड फेल्प्स को गोल्ड मेडल मिला। उन्होंने 248.8 अंक लिए और साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड भी तोड़ा। वहीं, स्कॉटलैंड के नील स्टिरटोन को 247.7 अंकों के साथ सिल्वर मेडल मिला, जबकि इंग्लैंड के केनेथ पार ने 226.6 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
बता दें कि क्वालिफिकेशन राउंड में गगन 617.0 अंकों के साथ तीसरे और चैन सिंह 614.2 अंकों के साथ छठें स्थान पर रहे थे। इन दोनों खिलाड़ियों से भारत को पदक की उम्मीदें थी, लेकिन चैन सिंह और गगन नारंग ने निराश किया। हालांकि अब यह देखना होगा कि 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की अन्नु सिंह और हीना सिद्धू मेडल पर कब्जा कर पाते हैं या नहीं। क्वालिफिकेशन रैपिड राउंड अन्नु सिंह ने पहला और हीना सिद्धू ने सातवां स्थान हासिल किया है।