कोरोना के खतरे के बीच दुनियाभर में खेल की शुरुआत होने लगी है। यूरोप के कुछ देशों समेत कई अन्य देशों में भी फुटबॉल टूर्नामेंटों के जरिए खेल को पटरी पर लाने की कोशिश जारी है। हालांकि बुधवार को एक ऐसी खबर ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। समाचार एजेंसी के मुताबिक पिछले हफ्ते बहाल हुई यूक्रेन लीग में एक फुटबॉल टीम में खिलाड़ियों और स्टाफ समेत कोरोना संक्रमण के 25 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
यूक्रेन फुटबॉल संघ ने कहा कि कारपाटी एलविव टीम में 65 लोगों की जांच करायी गई थी लेकिन किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ का नाम नहीं बताया गया है। सम्बंधित टीम का पहला मैच संदिग्ध मामलों के कारण रद्द हो गया था और अब लीग को दो और मैचों के लिए स्थगित कर दिया गया है। टीम ने कहा है कि पॉजिटिव पाए गए हर व्यक्ति को पृथकवास में रखा गया है।