कोविड-19 के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगिताएं ठप पड़ी हैं। ओलंपिक के बाद आईपीएल भी टल गया। उधर विश्व युद्ध के बाद पहली बार US ओपन भी अपने तय समय पर नहीं हो पाएगा। अमेरिका की मशहूर बास्केटबॉल लीग NBA में उटाह जैज के रूडी गोबर्ट को पॉजिटिव पाए जाने के बाद 11 मार्च को बंद कर दिया गया था जबकि इसके बाद एनएचएल (नैशनल हॉकी लीग), मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) और यूएस पीजीए टूर को भी बंद कर दिया गया।
अमेरिका के शीर्ष स्वास्थ्य एवं संक्रमण रोग विशेषज्ञ एंथोनी फोसी ने कहा है कि देश में पेशेवर खेल लीगों को दोबारा शुरू करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण यह है कि खिलाड़ी खाली स्टेडियम में खेलें। वैश्विक महामारी कोविड-19 के खिलाफ अमेरिका की लड़ाई में मदद कर रहे फोसी ने कहा कि खेलों की वापसी के लिए यह भी अहम है कि किसी विश्वसनीय दवा का परीक्षण हो और तेजी से इसके नतीजे मिलें।
फोसी ने अमेरिका के स्नैपचैट शो 'गुडलक अमेरिका' पर खेलों की वापसी के संदर्भ में कहा, 'ऐसा करने का एक तरीका है। कोई स्टेडियम में नहीं आए। जहां भी आप खेलना चाहते हो वहां खिलाड़ियों को बड़े होटलों में रखो। खिलाड़ियों को निगरानी में रखा जाए लेकिन प्रत्येक हफ्ते उनका परीक्षण किया जाए और सुनिश्चित किया जाए कि वे एक दूसरे या अपने परिवारों को संक्रमित ना करें। उन्हें सत्र का खेल पूरा करने दें।'
खुद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह 14 साल पुराने बेसबॉल मैच देखकर थक गए हैं। इस बीच खबरें हैं कि बेसबॉल लीग 30 टीमों को एरिजोना या फिर एरिजोना और फ्लोरिडा में जुटाने पर विचार कर रही है और लीग ने खाली स्टेडियमों में मैच कराने का विकल्प खुला रखा है।
ईएसपीएन के एक संवाददाता ने तो यहां तक कहा है कि उसने सुना है कि एमएलबी अपना सीजन जापान में शुरू करने का प्रयास कर सकता है। एनएचएल कथित तौर पर उत्तरी डेकोटा में एक स्थल पर लीग शुरू करने पर विचार कर रहा है जबकि अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप के प्रमुख डेना वाइट ने संकेत दिए हैं कि वह इस मिक्स्ड मार्शल आर्ट लीग को निजी टापू पर कराने पर विचार कर रहे हैं।