टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया ने बुधवार को राजधानी में सांकेतिक दौड़ के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वींस बैटन रिले के भारतीय चरण की शुरुआत की। क्वींस बैटन सोमवार को यहां पहुंची थी। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर आईओए के संयुक्त सचिव और क्वींस मशाल रिले समिति के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने इसकी अगवानी की। मशाल 16 जनवरी को सिंगापुर के लिए रवाना होगी।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने बयान में कहा- बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की क्वीन्स मशाल 10 जनवरी 2022 को दिल्ली पहुंची और बांग्लादेश ओलंपिक संघ के महानिदेशक हामिद इसे बांग्लादेश से लेकर आए।
दहिया ने कहा,"बैटन रिले का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मेरी तैयारियां बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही हैं। मैं बर्मिंघम में स्वर्ण पदक जीतने को लेकर आश्वस्त हूं।"
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 28 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होंगे। क्वींस बैटन रिले में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त अलेक्स एलिस भी उपस्थित थे। क्वींस बैटन रिले अब 14 जनवरी को बेंगलुरु और 15 जनवरी को भुवनेश्वर में आयोजित की जाएगी।