अनुभवी पहलवान बजरंग पूनिया को 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए कुश्ती की टीम में चुना गया है। उनके अलावा रवि कुमार दहिया के साथ-साथ दो अन्य पहलवानों के नाम पर भी मुहर लगी है। 97 भार वर्ग में राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले सत्यव्रत कादियां और 74 किलो में यूपी के गौरव बालियान समेत नर सिंह यादव को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली में हुए चयन ट्रायल का आयोजन हुआ।
इस साल राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 18 जुलाई से आठ अगस्त तक इंग्लैंड के बर्मिंघम में होना है। पिछली बार 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा था। उसने सबसे ज्यादा पांच स्वर्ण अपने नाम किए थे। भारत को तीन रजत और चार कांस्य भी मिले थे।
कड़े संघर्ष में जीते बजरंग
इससे पहले 57 भार वर्ग में रवि कुमार ने अमन को 10-0 से हराया, लेकिन 65 भार वर्ग में बजरंग को विशाल से जीतने में संघर्ष करना पड़ा। वह 2-1 से जीते। निराश विशाल ने स्टेडियम की दीवार पर घूंसा जड़ दिया, जिससे दीवार में छेद हो गया। राष्ट्रमंडल खेलों में इस बार 74 भार वर्ग में नवीन 97 भार वर्ग में दीपक नए चेहरे होंगे। सतंयव्रत सेमीफाइनल में ही दीपक से हार गए। दीपक ने फाइनल में साहिल को 10-0 से हराया। नवीन ने फाइनल में गौरव बालियान को 12-2 से हराया। 86 किलो का फाइनल टोक्यो ओलंपिक में पांचवें स्थान पर रहने वाले दीपक पूनिया ने जीता।
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए कुश्ती टीम
57-रवि कुमार, 65-बजरंग, 74-नवीन, 86-दीपक पूनिया, 97-दीपक और 125 भार वर्ग-मोहित।
बजरंग और रवि ने क्या कहा?
बजरंग ने कहा, ''यह मेरा तीसरा राष्ट्रमंडल खेल है। मैं देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करूंगा। मैं इसके लिए कड़ी मेहनत करूंगा। सभी एथलीटों ने अच्छी तैयारी की है, मुझे उम्मीद है कि हम सभी अच्छा प्रदर्शन करेंगे क्योंकि हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है।''
वहीं, रवि दहिया ने कहा, ''तैयारी अच्छी है। हमारा प्रयास होगा कि हम खेलें और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतें। यह मेरा पहला राष्ट्रमंडल खेल है और हर कोई देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेगा।''