कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 की ओपनिंग सेरेमनी से एक दिन पहले भारत के लिए एक राहत की खबर आई है।भारतीय खिलाड़ियों के कमरे के बाहर से सिरिंज बरामद होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के डोपिंग विरोधी अधिकारियों ने भारतीय दल को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के डोपिंग विरोधी अधिकारियों ने भारतीय टीम के कमरे के बाहर कूड़ेदान से सिरिंज बरामद की थी। यह सिरिंज जहां से मिली, वहां भारतीय दल के चार मुक्केबाज रह रहे थे। इसके बाद खिलाड़ियों का डोप टेस्ट किया गया था।
डोपिंग विरोधी अधिकारियों को साफ-सफाई करने वाले कर्मचारियों से सिरिंज के बारे में पता चला था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन एंटी डोपिंग एजेंसी (ASADA) और स्थानीय पुलिस ने चार मुक्केबाजों द्वारा शेयर किए जा रहे रूम पर छापा मारा। इस कमरे में सिरिंज मिली, जो एक प्लास्टिक की बॉटल के अंदर तोड़-मरोड़कर डाली गई थी।
हालांकि बाद में डॉक्टरों की टीम ने जोर देकर कहा कि इसका गलत उपयोग नहीं किया गया है। गोल्ड कोस्ट में टीम के साथ मौजूद एक अधिकारी ने दावा किया, 'सिरिंज भारतीय खिलाड़ियों की नहीं थी। कंपाउंड में कई देशों के खिलाड़ी भी रुके थे। सिरिंज भी भारतीय खिलाड़ियों के कमरे से नहीं बरामद हुई थी। भारतीय डॉक्टर ने ही यह सिरिंज अधिकारियों को सौंपी थी। यह गलत है कि हम पर शक किया जा रहा है।'