कोरोना वायरस महामारी के चलते टोक्यो ओलंपिक पर स्थगित होने का खतरा मंडरा रहा है। इंटरनेशनल ओलंपिक संघ (आईओसी) भले यह कह रहा हो कि वह सही समय पर सही फैसला लेगा। लेकिन उससे पहले कनाडा ने इन खेलों से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।
कनाडा ने रविवार को एलान कर दिया कि वह टोक्यो ओलंपिक 2020 में हिस्सा नहीं लेगा। कनाडियन ओलिंपिक कमिटी (सीओसी) और कनाडियन पैरालिंपिक कमिटी (सीपीसी) ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के चलते वह ओलंपिक और पैरालिंपिक 2020 में हिस्सा नहीं लेगा।
कनाडा के अलावा बीते 48 घंटे में कई और देशों के खेल संघ और ओलिंपिक कमिटियां भी अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ पर यह दबाव डाल रहे हैं कि जुलाई से शुरू होने वाले इन खेलों को स्थगित किया जाए। ओलंपिक खेलों को स्थगित करने का प्रस्ताव मुख्य रूप से यूएस ट्रैक ऐंड फील्ड और यूके ऐथलेटिक्स समेत कई ओलंपिक कमिटियां भी दे चुकी हैं।
इस महामारी के चलते दुनिया भर के कई देशों में कंप्लीट लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसे में ओलंपिक खेलों का समय पर आयोजन होना कई जानकारों को मुश्किल ही दिख रहा है। इस घोषणा के साथ कनाडियन ओलिंपिक कमिटी और पैरालिंपिक कमिटी ने जारी एक वक्तव्य में और इंटरनेशनल पैरालंपिक कमिटी और विश्व स्वास्थ्य संगठन को तुरंत इन खेलों को एक साल स्थगित करने पर निर्णय लेने को भी कहा है।
सीओसी और सीपीसी ने कहा कि अगर आईओसी यह (स्थगित करने का) निर्णय लेता है तो हमारा उसे पूर्ण समर्थन होगा। सीओसी और सीपीसी ने इन खेलों के बहिष्कार को स्थगित करने की अपनी मांग पर कहा, 'हमें लगता है कि मौजूदा हालात में इन खेलों को स्थगित करना ही बेहतर है, एथलीट्स और विश्व समुदाय की सेहत और सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ भी नहीं है।