टोक्यो ओलंपिक के शुरू होने में महज दो दिन का समय बचा है। इससे पहले अलग अलग देशों के पांच खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित होने के कारण बुधवार को टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए। इनमें तीन टोक्यो में जबकि दो अपने देश में ही संक्रमित पाए गए। रूस की तैराक इल्या बोरोडिन (टोक्यो रवाना होने से पहले), ब्रिटेन की शीर्ष रैंकिंग की निशानेबाज अंबर हिल, चिली की ताइक्वांडो खिलाड़ी फर्नांडा एग्वायर, नीदरलैंड की स्केटबोर्ड खिलाड़ी केंडी जेकब्स और चेक गणराज्य के टेबल टेनिस खिलाड़ी पावेल सिरुसेक कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण ओलंपिक से बाहर हो गए।
खेल गांव में पॉजिटिव पाए गए खिलाड़ियों की संख्या सात
विश्व की नंबर एक स्कीट निशानेबाज स्वदेश में ही कोरोना पॉजिटव पाईं गईं। उन्होंने कहा, 'मुझे अभी कितना बुरा लग रहा है, यह बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।' हिल की स्पर्धाएं रविवार और सोमवार को होनी थी और ब्रिटेन का कोई अन्य निशानेबाज उनकी जगह नहीं ले पाएगा। हिल रियो डि जेनेरियो ओलंपिक 2016 में सेमीफाइनल में पहुंची थी। वहीं, फर्नांडा यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर हुए टेस्ट में पॉजिटिव पाईं गईं जबकि केंडी और पावेल के नतीजे का खुलासा खेल गांव में हुआ। इस तरह से खेल गांव में पॉजिटिव पाए गए खिलाड़ियों की संख्या सात हो गई है।