छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकॉम और लवलीना बोरगोहेन को हालिया प्रदर्शन के आधार पर आगामी महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के लिए चुना गया है, लेकिन इस फैसले से पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन निखत जरीन काफी खफा हैं। 36 वर्ष की मेरीकॉम इस साल इंडिया ओपन और हाल में इंडोनेशिया में हुए टूर्नामेंट में दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं, उन्हें 51 किग्रा वर्ग में चुना गया है।
विश्व और एशियाई कांस्य पदकधारी लवलीना 69 किग्रा वर्ग में भाग लेंगी। निखत (23 वर्ष) ने हाल में थाईलैंड टूर्नामेंट में रजत पदक जीता था और वह 51 किग्रा के ट्रायल में मेरीकॉम को चुनौती देने की उम्मीद लगाए थी। इस हैदराबादी मुक्केबाज ने भारतीय मुक्केबाजी महासंघ को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि उन्हें मंगलवार को वनलाल दुआती के खिलाफ ट्रायल बाउट में ‘भाग लेने से रोका’ गया और ऐसा मुख्य चयनकर्ता राजेश भंडारी ने किया।
भंडारी ने हालांकि स्वीकार किया कि मेरीकॉम को चुनने का फैसला बीएफआई के शीर्ष अधिकारियों के साथ सलाह मशविरा करने के कुछ दिन पहले लिया गया था। विश्व चैम्पियनशिप रूस में तीन से 13 अक्टूबर तक खेली जाएगी। भंडारी ने पीटीआई से कहा, ‘हमें मेरीकाम के कोच (छोटेलाल यादव) का प्रस्तुतिकरण मिला और इस पर विचार करने के बाद हमें महसूस हुआ कि मेरीकॉम ने ट्रायल के बिना चुने जाने के लिए काफी कुछ किया है। बीएफआई से इस मुद्दे पर सलाह ली गई थी।’
उन्होंने कहा, ‘मेरीकॉम ने इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में निखत को हराया था और राष्ट्रीय शिविर में भी वह लगातार अन्य मुक्केबाजों से बेहतर रही हैं। निखत भी एक शानदार मुक्केबाज है और आने वाले समय में उसे भी मौका मिलेगा, लेकिन इस समय यह फैसला पूरी तरह से प्रदर्शन और अनुभव के आधार पर लिया गया है।’
निखत ने अपने पत्र में लिखा कि ये सब काफी निराशाजनक है और इससे वह हैरान है। विश्व युवा चैम्पियनशिप की पूर्व रजत पदक विजेता और एशियाई कांस्य पदकधारी निकहत ने लिखा, ‘बहुत हैरानी और निराशा की बात है कि चयन समिति के चेयरमैन राजेश भंडारी ने मुकाबला शुरू होने से पहले ही मुझे सूचित किया कि बाउट आज नहीं होगी और यह सुनिश्चित करने के लिये कुछ अंदरूनी बातचीत चल रही कि मुझे भविष्य के लिये रखा जा रहा है और मुझे इतनी कम उम्र में नहीं उतारा जाएगा।’
उन्होंने कहा, ‘मैं इससे बहुत हैरान हूं, मैं 2016 में विश्व चैम्पियनशिप में भाग ले चुकी हूं और अगर मैं तब ठीक थी तो 2019 में मैं निश्चित रूप से इतनी युवा नहीं हो सकती इसलिए यह कोई कारण नहीं हो सकता।’ निखत ने बीएफआई से ट्रायल कराने की मांग की जो अन्य वर्गों में गुरूवार तक कराए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ अनुरोध कर रही हूं कि आपके नेतृत्व में सभी मुक्केबाजों के लिए ट्रायल में पारदर्शिता बरती जाए। अगर एक नियम है तो वह हम सभी के लिए है तो यह सभी के लिए एक जैसा होना चाहिए भले ही किसी विशेष मुक्केबाज का स्तर कुछ भी हो।’