साजन प्रकाश ने तैराकी प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
- फोटो : ट्विटर
ओलंपिक में जगह बनाने के दावेदार साजन प्रकाश और श्रीहरि नटराज ने बेलग्रेड ट्रॉफी तैराकी प्रतियोगिता में अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते लेकिन टोक्यो खेलों के ‘ए’ क्वालिफिकेशन स्तर को हासिल करने से चूक गए।
प्रकाश ने तैराकी की वैश्विक संस्था फिना से मान्यता प्राप्त ओलंपिक क्वालिफायर की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा एक मिनट 56.96 सेकंड के समय के साथ जीती। उन्होंने इस दौरान 2018 में बनाए एक मिनट 57.73 सेकंड के अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया।
तैराक नटराज ने भी 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक
तानिश मैथ्यूज (2:13.55 सेकंड) के खाते में कांसा आया। नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में 54.45 सेकंड के समय से चैंपियन बने। प्रकाश और नटराज दोनों की क्रमश: 200 मीटर बटरफ्लाई और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में ओलंपिक ‘बी’ स्तर हासिल कर चुके हैं। ओलंपिक के लिए 200 मीटर बटरफ्लाई में ‘ए’ स्तर एक मिनट 56.48 सेकंड, जबकि 100 मीटर बैकस्ट्रोक में यह 53.85 सेकंड है।
गांगुली को भी पीला तमगा
शोएन गांगुली ने 400 मीटर मेडले में चार मिनट 37.70 सेकंड के समय के साथ भारत को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। महिला वर्ग में अनुभवी माना पटेल ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में 29.79 सेकंड के समय के साथ रजत जीता। केनिशा गुप्ता (26.65 सेकंड) चौथे स्थान पर रही। प्रकाश और नटराज को रोम में वार्षिक सेटे कोली ट्रॉफी में ‘ए’ क्वालिफिकेशन स्तर हासिल करने का एक और मौका मिलेगा जो फिना से मान्यता प्राप्त ओलंपिक क्वालिफाइंग प्रतियोगिता है।