पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर जहां समूचा देश उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने में लगा है वहीं जकार्ता एशियाई खेलों का गेम्स विलेज भी इससे अछूता नहीं रहा। इन खेलों में भाग लेने के लिए ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी जकार्ता पहुंच चुके हैं, लेकिन पदक के लिए दावेदारी जताने से पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रृद्धांजलि देने को एक साथ जुटने का फैसला लिया।
गेम्स विलेज में ही बृजभूषण शरण सिंह की अगुवाई में दो सौ के करीब भारतीय खिलाड़ी और कोच एकत्र हुए जहां उन्होंने अटल जी को याद किया। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार, बजरंग, साक्षी मलिक, विनेश, तीरंदाज अभिषेक वर्मा समेत कई खिलाडियों ने प्रोजेक्टर के जरिए दीवार पर अटल जी की फोटो उकेर कर उन्हें याद किया।
शोक सभा के बाद सुशील ने अमर उजाला से कहा कि खेलों के शुरू होने से पहले सभी खिलाड़ियों के लिए उनका निधन बेहद दुखद समाचार था। दरअसल वह खिलाड़ियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
यही नहीं खुद पूर्व प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को खूब पसंद किया करते थे। वह बेहद छोटे थे, लेकिन उन्हें याद है जब अटल जी गुरू हनुमान के अखाड़े आया करते थे। हैंडबॉल टीम के खिलाड़ियों ने तो अपने मैच से पहले ही इस शोक सभा में शामिल होने का फैसला लिया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यह टीम मैच खेलने के लिए रवाना हुई।