ओलंपिक क्वालिफाइंग एशियाई ट्रैक साइकलिंग चैंपियनशिप से एक दिन पहले बरसात के कारण आईजी स्टेडियम की छत लीक कर गई। लीकेज के कारण वेलड्रोम की छत के शाफ्ट से पानी लकड़ी के ट्रैक पर टपकने लगा। इस दौरान प्रैक्टिस के लिए आई जापानी टीम के राइडरों को ट्रैक पर टपकते पानी को साफ करते देखा।
अभी तक चैंपियनशिप में खेलने आए किसी भी देश ने वेलड्रोम के लीकेज की आधिकारिक शिकायत नहीं की है, लेकिन चैंपियनशिप के दौरान ऐसा हुआ को इंटरनेशनल यूनियन साइकलिंग की ओर से साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया पर कार्रवाई के साथ वेलड्रोम को भी प्रतिबंधित किया जा सकता है, जिससे यहां निकट भविष्य में अंतरराष्ट्रीय साइकलिंग टूर्नामेंट के आयोजन बंद हो सकते हैं।
जापान की प्रैक्टिस के समय आई बरसात
शुक्रवार को दोपहर थोड़ी देर तेज बरसात हुई, जिससे वेलड्रोम की छत लीक करने लग गई। इस दौरान जापान की टीम के प्रैक्टिस का समय था। जब जापानी टीम ने ट्रैक पर पानी देखा तो वे खुद ही इसे कपड़े से साफ करने लग गए। बरसात अगर देर तक होती तो पानी का टपकना और तेज हो सकता था, जिससे ट्रैक पर साइकलिंग ही संभव नहीं रह जाती, लेकिन चैंपियनशिप शनिवार से 22 जून तक होनी है। ऐसे में किसी भी दिन बरसात के चलते पानी के टपकने की घटना फिर घट सकती है। सूत्र बताते हैं कि फेडरेशन ने पानी के टपकने के बारे में साई को अवगत करा दिया है।
लंबे समय से लीकेज की समस्या
स्टेट ऑफ द आर्ट वेलड्रोम का निर्माण 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 150 सौ करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। यह वेलड्रोम विश्व स्तरीय, लेकिन कुछ वर्ष पहले लीकेज की ही समस्या को ठीक करने के लिए आई कपंनी ने इसके डिजाइन को गलत करार दिया था। साई ने लीकेज ठीक कराने की काफी कोशिश की है, लेकिन उसे अब तक इसका हल नहीं मिला है। शाफ्ट को कई बार ठीक कराया चुका है। बावजूद इसके लीकेज की समस्या खड़ी है।
चीन की टीम नहीं पहुंची खेलने
चैंपियनशिप में खेलने के लिए चीन की मजबूत टीम नहीं पहुंची है। उसे फ्रांस से यहां आना था, लेकिन सूत्र बताते हैं कि टीम को वहां से वीजा प्राप्त करने में समस्या आई है। सऊदी अरब और हांगकांग ने कोविड के चलते अपनी टीमें नहीं भेजी है। वहीं मंगोलिया, लाओस की टीमें भी नहीं आ रही है। पाकिस्तान की सात सदस्यीय टीम को वीजा मिल गया है। शुक्रवार को उसने अटारी बार्डर के जरिए भारत में प्रवेश कर लिया। सीनियर के अलावा जूनियर वर्ग में हो रही चैंपियनशिप में 43 सदस्यीय भारतीय दल खेल रहा है।