एशियाई खेलों में शामिल होने गई भारतीय नौकायन खिलाड़ी सयाली शेकाले को शुक्रवार को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच इस्माइल बेग ने पीटीआई से कहा, 'वह कल मध्यरात्रि से पेट दर्द कि शिकायत कर रही थी। आज प्रतियोगिता के बाद मुझे उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। चिकित्सकों ने कहा कि उसे एपेंडिसाइटिस की समस्या है। उसे वहां दो-तीन दिनों के लिए रूकना होगा।'
नौकायन से जुड़ी सभी स्पर्धाएं आज खत्म होंगी जिसमें भारत को एक चौकड़ी स्कल्स में स्वर्ण सहित तीन पदक मिले। भारतीय नौकायन टीम कल वहां से प्रस्थान करेगी लेकिन 21 वर्षीय सयाली इलाज के लिए वहीं रूकेंगी।
बेग ने कहा, 'हम उसे अकेले नहीं छोड़ रहे हैं, हमारे चिकित्सक उसके साथ रहेंगे। उम्मीद है वह जल्द ही ठीक हो जाएगी।'
सयाली ने पूजा के साथ युगल स्कल्स स्पर्धा की टीम बनायी थी जो फाइनल में पहुंचने में सफल रही। फाइनल में यह जोड़ी छठे स्थान पर रही। आज प्रतियोगिता के बाद एकल स्कल्स में कांस्य पदक जीतने वाले दुष्यंत ठाकुर को भी चिकित्सकीय मदद की जरूरत पड़ी। वह दो किलोमीटर की रेस पूरी करने के बाद गिर गये और पदक समारोह में भी वह खड़े होने के लिए संघर्ष करते दिखे।
नौकायन के एक और खिलाड़ी जगवीर सिंह (लाइटवेट एट स्पर्धा) को भी मेडिकल सेंटर ले जाया गया। बेग ने कहा, 'दोनों निर्जलीकरण के कारण बीमार हो गये थे। वे अब ठीक है।'