छह बार की वर्ल्ड चैम्पियन व ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत की दिग्गज महिला मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम को एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर के सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें 51 किग्रा में चीन के युआन चांग ने 3-2 से हरा दिया। उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा है। हालांकि, उन्होंने ओलंपिक कोटा पहले ही हासिल कर लिया है।
इससे पहले अमित पंघाल और लवलीना बोरगोहेन को एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है। जॉर्डन में चल रहे मुक्केबाजी प्रतियोगिता में मंगलवार को दोनों ही खिलाड़ियों को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि दोनों ही मुक्केबाजों ने भारत की तरफ से टोक्यो ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। दोनों ही मुक्केबाज पहली बार ओलंपिक में भाग लेंगे।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले भारत के स्टार मुक्केबाज अमित पंघाल को 52 किग्रा भारवर्ग के सेमीफाइनल में चीन के जियांगुआन हु के हाथों 2-3 से हार झेलनी पड़ी। वहीं महिलाओं के 69 किग्रा भारवर्ग में लवलीना बोरगोहेन को भी चीन की ही होंग गु के हाथों 0-5 से करारी हार का सामना करना पड़ा।
सचिन कुमार ने 81 किग्रा में वियतनाम के मुक्केबाज को हराकर 4-1 से हराकर पहला बॉक्स ऑफ बाउट हासिल किया। फाइनल बॉक्स ऑफ के लिए वह बुधवार को ताजिकिस्तान के मुक्केबाज सिनेजमातुल्लोव भिड़ेंगे। हालांकि, ओलंपिक कोटा पाने की उनकी उम्मीदें अभी बरकरार है।