ऑफ स्पिनर नाथन लायन ने टेस्ट क्रिकेट में डेनिस लिली के 355 विकेट की बराबरी के बाद कहा कि वह निजी उपलब्धियों के बारे में नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट मैच और सीरीज जीतने के बारे में सोचते हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को पहली पारी में 258 रन पर समेट दिया जिसमें लायन ने 68 रन देकर तीन विकेट झटके। इस तरह उन्होंने लिली के 355 विकेट की बराबरी की।
इससे वह ऑस्ट्रेलिया के सर्वकालिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों में केवल लेग स्पिनर शेन वार्न (708) और तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा (563) से पीछे तीसरे स्थान पर हैं। ये दोनों गेंदबाज संन्यास ले चुके हैं।