स्ट्रैंड्जा मेमोरियल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। देश की पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता मैरीकॉम को 69वें स्ट्रैंड्जा मेमोरियल टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा है। वहीं देश के एक अन्य मुक्केबाज अमित पांघल ने लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतने में कामयाबी हासिल की है।
पिछले महीने ही अमित (49 किलोग्राम) ने इंडियन ओपन में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं बुल्गारिया में खेले गए हालिया टूर्नामेंट में अमित ने मोरक्को के सईद मोर्दाजी को फाइनल में हराकार गोल्ड पर कब्जा किया। 23 वर्षीय इस हरियाणवी बॉक्सर की फाइनल मुकाबले में शुरुआत बेहद धीमी रही, लेकिन आखिर में भारतीय युवा ने विदेशी बॉक्सर को एक्यूरेसी में पछाड़कर यह मैच जीत लिया।