भारत के स्टार मुक्केबाज अमित पंघाल और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन दिग्गज मेरीकॉम ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए हैं। शनिवार को खेले गए मुकाबले में पंघाल ने पुरुषों के (52 किग्रा) और मेरीकॉम ने महिलाओं के 51 किग्रा भारवर्ग में जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। दोनों ही खिलाड़ी अब टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल करने से मात्र एक एक जीत दूर हैं।
अमित ने मंगोलिया के इंकमनादाख खारखु को हराकर एशियाई क्वालिफायर के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और अब वह ओलंपिक में जगह बनाने से एक जीत दूर हैं। पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बनने वाले 23 वर्षीय शीर्ष वरीय पंघाल ने कड़े मुकाबले में मंगोलियाई मुक्केबाज को बंटे हुए फैसले में 3-2 से हराया। पंघाल ने शुरू से ही जवाबी हमला किया और पहले दो दौर में विशेषकर उनका बायां हाथ काफी प्रभावी रहा।
मंगोलियाई मुक्केबाज तीसरे दौर में अधिक हावी रहा लेकिन पंघाल फिर भी जीत दर्ज करने में सफल रहा। अगले मुकाबले में पंघाल का सामना फिलीपींस के कार्लो पैलम से होगा। पंघाल ने उन्हें 2018 में एशियाई खेलों के सेमीफाइनल और 2019 विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हराया है।
महिलाओं के वर्ग में 37 वर्षीय मेरीकॉम का मुक्का अभी भी दमदार दिखा, उन्होंने शुरुआती मुकाबले में न्यूजीलैंड की मुक्केबाज तस्मीन बेन्नी को हरा दिया। एकतरफा मुकाबले में दिग्गज मेरीकॉम ने 5-0 से जीत दर्ज की और अब वे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने से एक जीत दूर हैं।
हालांकि अन्य मुक्केबाज गौरव सोलंकी को हार का सामना करना पड़ा। प्री-क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मुकाबले में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता गौरव सोलंकी (57 किग्रा) को शीर्ष वरीय उज्बेकिस्तान के मिराजिजबेक मिरजाखालिलोव ने 4-1 से हराया। मौजूदा विश्व चैंपियन और एशियाई खेलों एवं एशियाई चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता ने भारतीय मुक्केबाज को पहले दौर में ज्यादा मौके नहीं दिए। गौरव ने दूसरे दौर में वापसी की लेकिन वह तीसरे दौर में लय को बरकरार नहीं रख पाए।