भारतीय-अमेरिकी गोल्फर अमन गुप्ता ने 120वीं यूएस एमेच्योर चैंपियनशिप के अंतिम 32 और प्री-क्वार्टर फाइनल जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने अंतिम 32 में जोनाथन याऊन जबकि अंतिम 16 में सैम बेनेट को हराया और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित एमेच्योर टूर्नामेंटों में से एक के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
दुनिया के दूसरे नंबर की रिकी कास्टिलो के अंतिम समय में हटने से 21 साल के अमन गुप्ता को खेलने को मौका मिला। विश्व रैंकिंग में 500वें स्थान पर काबिज गुप्ता का क्वार्टर फाइनल में सामना 43वीं रैकिंग के खिलाड़ी माइकल थोर्बजोनसेन से होगा।
लाहिड़ी ने विंधाम चैंपियनशिप में एक अंडर का कार्ड खेला
भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने पांच महीने के बाद वापसी करते हुए विंधाम चैंपियनशिप के पहले दौर में गुरुवार को एक अंडर 69 का कार्ड खेला, जबकि खराब मौसम के कारण अर्जुन अटवाल का खेल पूरा नहीं हुआ। खराब मौसम के कारण खेल रोके जाते समय अटवाल का स्कोर दो अंडर था। कुल 33 खिलाड़ियों का खेल पूरा नहीं हुआ है।
लाहिड़ी दो बर्डी और एक बोगी की मदद से संयुक्त रूप से 67वें स्थान पर हैं। इस खिताब को 2010 में जीतने वाले अटवाल का 16वें होल पर चार अंडर का स्कोर था लेकिन वह 17वें होल में डबल बोगी कर गए और उनका स्कोर अब दो अंडर है। हेरोल्ड वार्नर तृतीय, टॉम होगे और रोजर स्लोन ने इस पीजीए टूर के पहले दौर में आठ-अंडर 62 का कार्ड खेला।